- बारिश में बर्बाद हुआ घर का सामान, रात में मार्ग बंद होने से अस्पताल नहीं पहुंच सका घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। देयोन गांव में आंधी से दो कमरों पर टिन की छत उड़ गई। मलबा गिरने से परिवार घायल हो गया। बारिश से घर का सारा सामान बर्बाद हो गया है। गांववासी मोहर सिंह रविवार रात परिवार के आठ सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। अचानक चली आंधी से छत उड़ गई। इसके ऊपर रखे पत्थर, ईंटें और लोहे के एंगल गिर गए। इनकी चपेट में आने से मोहर सिंह घायल हो गए। इस हादसे से परिवार में अफरातफरी मच गई। अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
घायल ने बताया कि रात को बारिश में सड़क बंद हो गई। इससे वह अस्पताल तक नहीं पहुंच सके। सुबह उन्होंने अपना उपचार करवाया। वह दिहाड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने डीसी आयुषी सूदन से मांग की है कि उन्हें उचित आर्थिक सहायता दी जाए जिससे वे क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत कर सकें।
शिव मंदिर में पानी की टंकी टूटी
आंधी से पुरमंडल शिव मंदिर में रखी पानी की टंकी टूटगई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली के तारों और सड़कों के बीच गिर गईं हैं। इससे बिजली-पानी की आपूर्ति के साथ यातायात प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि देयोन-पुरमंडल सड़क बीते नाै महीनों से क्षतिग्रस्त है। हल्की बारिश से भी सड़क पर फिसलन होने से आवाजाही बंद हो जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द बिजली-पानी व्यवस्था बहाल करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की मांग की है।