श्रीनगर/जम्मू। श्रीनगर समेत अन्य मैदानी इलाकों में मंगलवार देर रात से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा। कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों के अलावा सोनमर्ग और उड़ी में बुधवार को बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जोजिला के साथ लद्दाख संभाग के कई हिस्सों में भी बर्फ गिरी, इससे जोजिला पर यातायात प्रभावित हुआ।
इधर जम्मू में मौसम साफ रहने के साथ दिन का तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 17-18 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। श्रीनगर में दिन का तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जोजिला पास पर करीब सात इंच और सोनमर्ग में पांच इंच बर्फबारी हुई है। सोनमर्ग बाजार से बर्फ हटाई जा चुकी है जबकि श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जम्मू संभाग के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा। जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री चढ़कर 35.7 और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग में भद्रवाह में न्यूनतम तापमान 10.2, बनिहाल में 10.6, बटोत में 13.5 और कटड़ा में 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।