जम्मू के बिक्रम चौक के पास वेयरहाउस रोड पर झमाझम बारिश।
जम्मू। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली। पर्वतीय चोटियों पर बर्फबारी जबकि निचले मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इधर, जम्मू शहर में दिनभर हल्के बादल छाए रहने के बाद देर रात भारी गर्जना के साथ जोरदार बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। तेज बारिश से कई सड़कों पर जलभराव हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने पांच से सात मार्च तक कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
जिला पुंछ में बारिश-ओलावृष्टि, उधमपुर, पंचैरी और चिनैनी क्षेत्र में बारिश के साथ पर्यटन स्थल नत्थाटाप में बर्फबारी हुई। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर चल रहा है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। वीरवार से अगले तीन दिन तक मौसम खराब होने की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। रामबन और बनिहाल के बीच कई हिस्सों में पहाड़ों से गिरते पत्थर और भूस्खलन से हाईवे प्रभावित रहा। जम्मू-कश्मीर में पुंछ, राजोरी, बनिहाल, बटोत और भद्रवाह के अलावा कश्मीर के गुलमर्ग, सोनामर्ग, बारामुला, कुपवाड़ा और लद्दाख के द्रास सब डिवीजन में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। खराब मौसम के बीच जम्मू डिवीजन और कश्मीर के कई हिस्सों में तेज हवाएं जनजीवन प्रभावित कर सकती हैं। बुधवार को श्रीनगर का दिन का तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में दिन का अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बनिहाल सबसे ठंडा रहा। भद्रवाह में न्यूनतम तापमान 4.6, बटोत में 6.8 और कटड़ा में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-------
स्थान न्यूनतम तापमान
लेह माइनस 6.4
गुलमर्ग माइनस 2.5
पहलगाम माइनस 1.2