रियासत में शनिवार को अधिकतर इलाकों में बारिश और कुछ इलाकों में ओले गिरने से मौसम ने करवट बदली। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर फिसलन बढ़ गई है।
इस वजह से लोड कॅरियर (भारी वाहनों) को श्रीनगर से जम्मू वन वे जाने की ही अनुमति दी गई। हालांकि यात्री वाहनों को दोनों ओर से फिलहाल जारी रखा गया है। मौसम विभाग के अनुसार 13 अप्रैल तक रियासत में इसी तरह से मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।
कश्मीर घाटी के अलावा जम्मू में भी अधिकांश इलाकों में हलकी से सामान्य बारिश हुई। उधमपुर जिले के पहाड़ी इलाकों में ओले गिरे। अप्रैल के महीने में मौसम बिगड़ने से खेतों में पकी हुई गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका से किसान यहां चिंतित हो गए हैं।
तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार दस अप्रैल को भी रियासत में मौसम खराब रहेगा और अधिकतर इलाकों में हलकी से सामान्य बारिश हो सकती है।