रियासत में शनिवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। घाटी के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। जम्मू संभाग के पुंछ, राजोरी, उधमपुर जिले के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई।
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर मुश्किलें और बढ़ गईं हैं। रामबन से आगे बैटरी चश्मा डिगडोल क्षेत्र में सड़क पर आए पहाड़ी के बड़े हिस्से को शनिवार दूसरे दिन भी पूरी तरह से क्लीयर करने का काम चलता रहा। दो दिन से हाईवे पर फंसे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों को ही निकाला जा सका। जम्मू से घाटी के लिए रवाना हुए वाहनों को जखैनी, उधमपुर के पास रोक दिया गया।
रविवार को मौसम साफ होने पर जम्मू और श्रीनगर दोनों ओर से सिर्फ हल्के वाहनों को ही छोड़ा जाएगा। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। बिगड़े मौसम का असर रियासत के तीनों खित्तों में देखने को मिलेगा।
एसएसपी हाईवे ट्रैफिक संजय भगत के अनुसार रामबन के कुछ हिस्सों में पहाड़ी से मलबा गिरने से दिक्कतें आ रहीं हैं। शनिवार को डोडा, किश्तवाड़, रामबन, जम्मू आदि क्षेत्रों के लिए हाईवे पर फंसे वाहनों को निकाला गया।
श्रीनगर और आसपास के इलाकों में देर शाम से जोरदार बारिश जारी थी। विश्व विख्यात पर्यटक स्थल गुलमर्ग में बर्फबारी हुई जोकि देर शाम तक जारी थी। जम्मू में दिन भर बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।