पुरमंडल। क्षेत्र में वर्षों से लंबित जल जीवन मिशन योजना के कारण स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में पूर्व सरपंच जोगिंदर शर्मा, पूर्व सरपंच पूर्ण चंद शर्मा, नायब सरपंच देस राज, अमर चंद शर्मा, सोहन लाल, मदन लाल और विजय कुमार ने बताया कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी इस योजना के अंतर्गत लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। करनाल क्योली, सांगड प्राढका, गुरगानी, पुरमंडल पाडल, राजुल व लवली आदि क्षेत्र में लोगों को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के अंतर्गत करोड़ों रुपये की योजनाएं चल रही हैं। इनका निर्माण कार्य दो साल पहले शुरू हुआ था लेकिन आज तक अधूरी में लटकी इन योजनाओं के कारण लोगों को पीने का पानी नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सालों से टैंक व बोरवेल बंद हैं। कई स्थानों पर मोटर भी लग चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुरमंडल जल शक्ति विभाग की ओर से करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद 12 साल से एक डगवेल बंद पड़ा हुआ है। इससे आज तक लोगों को पानी उपलब्ध नहीं कराया गया है।
क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को भी पीने के पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुला और केंद्र सरकार से मांग की है जल्द से जल्द इस योजना को पूरा किया जाए। गर्मियाें में लोगों को पानी की और परेशानी होगी।
...........
मेरे क्षेत्राधिकार के अधीन आने वाले संगड, लवली और उत्तरबहनी के स्टेशन हैं। इनमें से संगड प्रोजेक्ट का काम पूरा हो चुका है। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से काम रुका पड़ा था, जो पूर्व सरपंच के सहयोग से सुलझाया जा रहा है। उम्मीद है जल्दी ही लोगों को पानी दिया जाएगा। लवली में बोरवेल के फेल होने से काम रुका पड़ा है। उत्तरबहनी में पानी की सप्लाई लगातार चल रही है। -
-विकरन महाजन
एईई विजयपुर जल शक्ति विभाग
इन प्रोजेक्ट में पैसे की कमी के कारण काम रुका पड़ा था और नए खाते में पैसा आने से कुछ प्रोजेक्ट का काम पूरा हो चुका है। लोगों को इनसे जल्दी ही पानी उपलब्ध हो सकेगा। कुछ का काम बजट की कमी के चलते लंबित पड़ा हुआ है। पैसा आने पर ही उनके कार्य को पूरा किया जा सकेगा।
-गौरव
एईई बड़ी ब्राह्मणा जल शक्ति विभाग