गांव कृष्णा नगर, सिंहपुरा व पंचायत बन सुल्तान लोअर के गांव प्रेम नगर, शिव नगर में समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा । केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना जल जीवन मिशन के तहत कई गांव में नई पाइप लाइन बिछाने के बावजूद लोगों को बूंद-बूंद पानी को तरसना पड़ रहा है। पशुओं को भी पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है। एक साल पहले पाइप लाइन बिछाने के बाद भी ग्रामीणों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
कोटली मियां फत्ता पंचायत के पूर्व सरपंच ओम प्रकाश का कहना है कि ग्रामीण एवं पशुधन पेयजल को लेकर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अगर दो-तीन दिन तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की तो ग्रामीण विभाग मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। पंचायत मरालिया के अधीन गांव कृष्णा नगर, सिंहपुरा व पंचायत बन सुल्तान लोअर के गांव प्रेम नगर, शिव नगर में भी जल शक्ति विभाग की ओर से पाइप लाइन बिछाई गई मगर छह माह बीतने के बाद भी जल शक्ति विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र सरकार से करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद जल शक्ति विभाग ग्रामीणों को पीने के पानी की आपूर्ति नहीं करवा पाया। पंचायत के पूर्व नायब सरपंच अशाेक शर्मा का कहना है कि इन दिनों गर्मी में लोगो को पीने के लिए पानी के लिए बूंद बूंद पानी को तरसना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर एक हफ्ते के भीतर पीने के पानी की ग्रामीणों को आपूर्ति नहीं की गई तो ग्रामीण मीरां साहिब कस्बे में जम्मू- आरएस पुरा मार्ग बंद कर विरोध- प्रदर्शन करेंगे।
टेंडर के मुताबिक अब तक कार्य पूरा किया जाना था, मगर संबधित कंपनी की ओर से तय किए समय पर कार्य नहीं करने पर दिक्कत आ रही है। इसका समाधान किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति हो सके।
प्रवीण अबरोल, एईई, जल शक्ति विभाग