रोस्टर बनाकर पानी की सुचारू आपूर्ति करने के दिए निर्देश
पानी को लेकर लोगों ने सड़क पर उतरने की दी है चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे में पानी की किल्लत बरकरार है। जल शक्ति विभाग ने पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए कोई उचित कदम नहीं उठाया है। इसको लेकर लोगों ने सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने मंगलवार को कस्बे का औचक दौरा कर पानी की किल्लत को लेकर लोगों से बातचीत की। मंडी ठलोरा के पूर्व पार्षद राज सिंह ने कहा कि लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के कई वार्ड पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं, जबकि विभाग पानी की सुचारू आपूर्ति की कोई योजना तक नहीं बना पा रहा है। इस बारे में उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया , लेकिन कोई उचित कदम नहीं उठाया गया है। इस अवसर पर जलशक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता हुकम सिंह, एईई फारूक खान, एसीआर, नायब तहसीलदार, बिजली विभाग के एईई मौजूद रहे।
काम नहीं करने वाले अधिकारियों को किया जाएगा सस्पेंड : डीसी
उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जो काम नहीं करेगा उसे तुरंत सस्पेंड कर दिया जाएगा। लोगों को बिजली पानी की समस्या नहीं आनी चाहिए। विभाग के अधिकारी रोस्टर बनाकर काम करें, ताकि पानी की सुचारू आपूर्ति हो सके। पानी देने के समय के बारे में भी लोगों को जानकारी दें। इसके अलावा उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी बिजली की कटौती की तरफ ध्यान देने के निर्देश दिए।