- बीते आठ दिनों से जूझ रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर में जल संकट गहरा गया है। रिहाड़ी काॅलोनी सहित कई इलाकों में बीते आठ दिनों से पानी की समस्या है। इससे जनजीवन प्रभावित है। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक व जलशक्ति विभाग के अधिकारी समस्या हल करने के लिए ध्यान नहीं दे रहे। रिहाड़ी काॅलोनी में लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। नगर निगम टैंकरों से आपूर्ति कर रहा है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। कस्बे में टैंकर पहुंचते ही लोग पानी भरने के लिए टूट पड़ते हैं। महज आधे घंटे में टैंकर खाली हो रहा है। पीरखो, राजीव काॅलोनी व गोरखा नगर में भी यही स्थित बनी हुई है। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष टैंकर आने से घंटों पहले लाइन में लग रहे हैं।
अफसर हेल्पलाइन नंबर
पर नहीं दे रहे जवाब
रिहाड़ी काॅलोनी के रहने वाले भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि विभाग की ओर जारी हेल्पलाइन नंबर पर पानी की समस्या बताने के बावजूद न तो कोई प्रभावी कार्रवाई हो रही है और न ही अधिकारी कोई जवाब दे रहे हैं। स्थानीय निवासी सूर्या नय्यर ने बताया कि वे लोग पांच दिन से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। तीन दिन पहले पानी के लिए टैंकर की बुकिंग करवाई थी, लेकिन अभी तक नहीं पहुंचा।
इन इलाकों में स्थित हुई सामान्य
शहर के मुट्ठी के रहने वाले राजिंदर शर्मा ने बताया कि पहले बिजली न होने से पानी की काफी समस्या बनी हुई थी। बिजली आने से स्थित कुछ सामान्य हुई है। लोवर रूपनगर सारिका बिहार के रहने वाले सुरेश खजूरिया ने बताया कि स्थिति सामान्य हो रही है।