- आधे से ज्यादा शहर में नहीं हो पा रही पानी की आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में पेयजल किल्लत गहरा गई है। शनिवार को भी टैंकरों के लिए मारामारी रही। बुकिंग करने पर भी सुविधा नहीं मिल पाई। जलशक्ति विभाग के पास 15 सरकारी जबकि 25 टैंकर किराये पर लिए गए हैं। इनके माध्यम से शहर में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। सात टैंकर नगर निगम की ओर से दिए गए हैं। पंपिंग स्टेशन कंपनी बाग और नरवाल में पानी भरवाने के लिए टैंकरों की लंबी कतारें लग रही हैं।
सरकारी टैंकर सुविधा न मिलने से लोग 800 से एक हजार रुपये अदा कर निजी टैंकर से पानी मंगवा रहे हैं। सरकारी टैंकर के लिए भी तीन सौ से छह साै रुपये अदा करने पड़ रहे हैं। जलशक्ति विभाग के अनुसार पहले बाढ़ से प्रभावित इलाकों में पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद अन्य लोगों की कॉल पर कार्रवाई हो रही है। रोजाना 250 से 300 काॅल पर आपूर्ति की जा रही है।
इतने टैंकरों से सुविधा दी गई
तारीख टैंकर
25 अगस्त 280
26 अगस्त 30
27 अगस्त 240
28 अगस्त 270
29 अगस्त 260
30 अगस्त 280
-
टैंकरों के माध्यम से पानी की जरूरत को पूरा किया जा रहा है। जैसे बुकिंग आ रही है। इसी तर्ज पर टैंकर भेजे जा रहे हैं। पहले बाढ़ से प्रभावित इलाकों को कवर किया जा रहा है।
- तेजिंद्र सिंह, एक्सईएन, जलशक्ति विभाग