जम्मू के पुरानी मंडी क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास कुछ घरों में अभी भी एक दिन छोड़कर ही पानी की आपूर्ति हो रही है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और पुराने कनेक्शन की समस्या बनी हुई है। जलशक्ति विभाग शिकायतों का समाधान कर रहा है।
जम्मू। शहर में हाल में भारी बारिश से गाद जमा होने से बंद पड़ी धौंथली फिल्ट्रेशन प्लांट की मरम्मत कर तवी से पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। अभी शहर की पुरानी मंडी में हनुमान मंदिर के पास कुछ घरों में पेयजल आपूनर्ति नहीं हो पा रही। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी की आपूर्ति एक दिन छोड़कर दी जा रही है।
तवी नदी से सटे धौंथली फिल्ट्रेशन प्लांट के बंद होने के बाद बीते 20 दिनों में सप्लाई प्रभावित थी। पेयजल सप्लाई को लेकर जो शिकायतें जलशक्ति विभाग में मिल रही थीं उनमें अधिकांश का निस्तारण हो गया है। हालांकि अभी भी कुछ जगहों पर पुराने पाइप व नए कनेक्शन की मांग को पूरा करना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। कई ऐसी जगह हैं जहां पर एक ही कनेक्शन के भरोसे कई परिवार हैं। लखदाता बाजार के हनुमान मंदिर के पास रहने वाली मंजू टाक ने वीरवार को सास के साथ जाकर जलशक्ति विभाग के धौंथली डिवीजन में शिकायत दर्ज कराई कि घर में पानी का कनेक्शन चाचा के नाम पर है और वह कई साल से बाहर रह रहे हैं उनको नया कनेक्शन दिया जाए। बता दें कि धौंथली फिल्ट्रेशन प्लांट से करीब 21 लाख गैलन पेयजल की सप्लाई पुराने शहर के कई वार्डों में की जाती है। कुछ हिस्सा सितली डिवीजन में आता है।
-
एक दिन के अंतराल में कुछ वार्डों में की जा रही आपूर्ति
जलशक्ति विभाग में शिकायत निस्तारण व पेयजल सप्लाई देख रहे इंजीनियर राजेश्वर शर्मा ने बताया कि पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारु हो चुकी है। कुछ वार्डों में पुराने शहर में एक दिन छोड़कर सप्लाई दी जा रही है। जहां भी शिकायत मिल रही है उसका निस्तारण किया जा रहा है। हनुमान मंदिर वाली गली का जो मामला है उसका भी निस्तारण मौके पर जाकर किया जाएगा।