मीरा साहिब। मरालिया पंचायत के गांव कृष्णा नगर, सिंह पुरा व प्रेम नगर बस्ती के लोगों को ट्यूबवेल के पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद भी स्वच्छ जल की आपूर्ति नहीं हो रही है। पंचायत के पूर्व सरपंच किशोर कुमार का कहना है कि कई लोगों के घरों में लगे हैंडपंप के पानी का लेवल नीचे चले जाने पर उनको ट्यूबवेल के पानी निर्भर रहना पड़ रहा था। पिछले सात दिन से ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति किए जाने के लिए वाल खराब होने पर इसे बदला नहीं जा रहा। इसके चलते ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि नया ट्यूबवेल लगाए जाने के बाद नई पाइप लाइन बिछाए जाने के लिए कार्य ठेकेदार को दिया गया था। उसी को ट्यूबवेल में कोई फाल्ट आने पर ठीक करना था लेकिन सात दिन बीत जाने के बाद जल शक्ति विभाग के एक्सईन, एईई व जेई की ओर से सिर्फ आश्वासन के सिवा कुछ नही किया जा रहा।
गांव के रामनाथ, अशोक कुमार व नंद लाल का कहना है कि हालत यह बनी हुई है कि लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा और जल शक्ति विभाग पानी की आपूर्ति न होने पर फाल्ट को ठीक नहीं करवाया जा रहा। उन्हाेंने प्रदर्शन की चेतावनी दी है। जेई पंकज गोस्वामी का कहना है कि विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के साथ ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। दो दिन के भीतर लोगों को पानी की आपूर्ति कर दी जाएगी।