जम्मू। फिल्ट्रेशन टैंकों में पानी साफ न होने से शहर में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शहर में 54 मिलियन गैलन पानी की जगह 35 एमजीडी पानी की ही आपूर्ति हुई है। ज्यादा परेशानी पुराने शहर में रही। यहां पर बीते तीन दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है।
जलशक्ति विभाग के अनुसार बारिश जारी रही, तो एक सप्ताह तक परेशानी झेलनी पड़ सकती है। मौजूदा समय में टैंकों में स्टोर साफ पानी लोगों को उपलब्ध करवाया जा रहा है। पानी आधा घंटा या बीस मिनट तक दिया जा रहा है।
तवी नदी से शितली फिल्ट्रेशन प्लांट में मटमैला पानी आ रहा है। पानी साफ होने में दो दिन लग रहे हैं। टैंकों में पानी गंदा होने के कारण इसकी आपूर्ति नहीं की जा रही है। पानी को साफ किया जा रहा है। अन्य फिल्ट्रेशन टैंकों में भी हाल ऐसा ही है। शहर में ट्यूबवेल और अन्य स्त्रोतों से आने वाला पानी ही साफ आ रहा है। वहीं, पानी की कम सप्लाई के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। अब मौसम साफ होने पर ही लोगों को सवा घंटा पानी की आपूर्ति हो पाएगी।
फिल्ट्रेशन टैंकों में तवी नदी से गंदा पानी आ रहा है। इसे साफ किया जा रहा है। इस कारण पुराने शहर समेत अन्य इलाकों में समस्या आ रही है। मौसम साफ होने पर समस्या का हल हो जाएगा।
-सुरेंद्र अवरोल, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग