जम्मू। त्रिकुटा नगर क्षेत्र में बच्चे को चाकू से गोदने वाले आरोपी को पुलिस ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। उधर, बच्चे की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। वह जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है। हमलावर ने बच्चे के सिर पर चाकू से हमला किया था। इस वजह से उसके सिर की नसें तक कट गई हैं। दो आपरेशन के बाद भी बच्चे को होश नहीं आया है।
त्रिकुटा नगर में झुग्गी में रहने वाले अनिल कुमार ने अपने पास की झुग्गी में रहने वाले पांच साल के बच्चे शक्ति पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था। पुलिस ने घटना की वजह पर फिलहाल स्थिति साफ नहीं की है। बताया जा रहा है कि पुलिस तीन पहलुओं पर जांच कर रही है। इसमें बच्चे को काला जादू के नाम पर मारने, बच्चे के यौन शोषण या फिर आरोपी का कोई ऐसा कार्य, जिसे बच्चे ने देख लिया और आरोपी उसे मारने पर उतारू हो गया। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।