बेहाल करने वाली गर्मी के बीच शनिवार को बिजली ढांचे पर ओवरलोड के चलते भारी अघोषित कटौती हुई। इससे पेयजल के लिए कई कालोनियों में हाहाकार की स्थिति रही। जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की किल्लत के खिलाफ प्रदर्शन भी हुआ।
एसी का बेतरतीब इस्तेमाल होने के चलते ग्रिड स्टेशनों पर ओवरलोड पूरे दिन बना रहा। कनाल ग्रिड स्टेशन के अंतर्गत आने वाले इलाकों में अघोषित कटौती सबसे ज्यादा झेलनी पड़ी। जिन इलाकों में ट्रांसफार्मर जल गए वहां तो हाहाकार जैसे हालात रहे। आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर जारी कार्य के चलते भी अलग से घंटों बिजली गुल रही।
सौहांजना, मंडाल, फ्लायं, खंदवाल, सूर्या चक, गणेशपुर में में सुबह सात से दोपहर बारह बजे तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही। बाबलियाना में भी सुबह सात से 11 बजे तक बिजली ठप रही। सिद्दड़ा और इसके आसपास की कालोनियों में भी में सुबह सात बजे गुल हुई बिजली 11 बजे के बाद ही बहाल होना शुरू हुई।
बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा। जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट के प्रधान सुनील डिंपल का कहना है कि पिछले तीन दिनों से अनियमित पेयजल की आपूर्ति हो रही है और इसके खिलाफ शनिवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया।