मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में गोल्फ पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। इसके लिए देशभर में स्टालों पर राज्य के गोल्फ कोर्स को प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने रायल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स, श्रीनगर और तवी गोल्फ कोर्स, सिद्धड़ा को विकसित करने पर बल दिया।
इसमें पर्यटकों के लिए साप्ताहिक पैकेज लाकर उन्हें आकर्षित करने पर काम किया जाए। मुख्यमंत्री ने शनिवार को श्रीनगर में रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स और तवी गोल्फ कोर्स की गवर्निंग बाडी की बैठक में कई दिशा निर्देश जारी किए।
गवर्निंग बाडी की चेयरपर्सन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कारपोरेट उद्योग जगत से गोल्फ को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने पर काम होना चाहिए। उन्होंने राज्य के दोनों गोल्फ कोर्स की पर्याप्त फेंसिंग करने के निर्देश दिए। गोल्फ कोर्सों में कार्यरत मुलाजिमों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रिंसिपल सचिव की अध्यक्षता में अधिकारियों की कमेटी बनाने को कहा।
उन्होंने दोनों गोल्फ कोर्सों पर हरियाली को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यटन राज्यमंत्री प्रिया सेठी, मुख्य सचिव बीबी बयास, डीजीपी डा. एसपी वेद, प्रिंसिपल सचिव रोहित कंसल, सचिव पर्यटन फारूक अहमद शाह, सचिव सीएम एम एच मलिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।