जम्मू। जम्मू कश्मीर में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। कश्मीर में बीती रात से रुक रुक कर हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। राजधानी श्रीनगर समेत घाटी के अधिकांश जिलों में ठंड फिर लौट आई है। यहां कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 5-7 डिग्री तक गिर गया है। जम्मू में इसके विपरीत शुक्रवार दिनभर पसीने छूटते रहे। यहां दिन का पारा सामान्य से 4-5 डिग्री ऊपर चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 24 मई तक मौसम का ऐसा ही मिजाज रहेगा। इसमें खासतौर पर कश्मीर संभाग में तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होगी। इसका असर जम्मू में भी दिखेगा।
श्रीनगर समेत घाटी के विभिन्न जिलों में वीरवार की रात हुई बारिश के बाद शुक्रवार दोपहर बाद फिर यह सिलसिला शुरू हो गया। उत्तरी और दक्षिणी कश्मीर के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इससे जमकर ठंड का अहसास हो रहा है। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 7.0 डिग्री गिरकर 18.2 पहलगाम में 18.2 और गुलमर्ग में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रामबन-बनिहाल के बीच बारिश हुई। जम्मू में दोपहर तक गर्मी ने परेशान किया, लेकिन शाम को हल्के बादल छा गए थे। कई हिस्सों में धूल भरी हवाएं चलीं। यहां दिन का तापमान सामान्य से बढ़कर 41.6 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में दिन का तापमान 21.8, बटोत में 28.7, कटड़ा में 38.6 और भद्रवाह में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का तापमान 18.2 और कारगिल में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।