राज्य के विधानसभा चुनाव के लिए पहली अक्तूबर को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूचियों का प्रकाशन फिलहाल टल गया है। पूरे राज्य की मतदाता सूचियां एक साथ प्रकाशित होनी हैं। राज्य में आई बाढ़ की त्रासदी के कारण कश्मीर संभाग में फिलहाल काम पूरा नहीं हो पाया है, जिसके कारण पहली अक्तूबर को मतदाता सूचियां प्रकाशित नहीं हो पाएंगी। इस संदर्भ में जम्मू संभाग का काम पूरा हो चुका है।
संभाग की मतदाता सूचियों को आज फाइनल टच दे दिया गया है। कश्मीर में अभी मतदाता सूचियों की समरी रिवीजन पूरी नहीं हो पाई है। श्रीनगर के डीसी ने इस संदर्भ में बताया, अभी काम पूरा नहीं हो पाया है। कल सूचियां प्रकाशित करना मुमकिन नहीं है, जबकि जम्मू के एडीसी नीरज कुमार के अनुसार, जम्मू में आज मतदाता सूचियों को हमने अंतिम रूप दे दिया है। काम पूरा हो गया है।
मतदाता सूचियां पूरे राज्य की एक साथ प्रकाशित होनी हैं, इसलिए यह आवश्यक है कि पहले कश्मीर का काम भी पूरा हो। गौरतलब है कि मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद राज्य में कांटीन्यूशन और अपडेशन का काम शुरू किया जाना है। इसमें उन लोगों को लाभ मिलने वाला था जो किसी कारणवश अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने से चूक गए।