परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के तहत कश्मीर की सभी 47 विधानसभा सीटों के लिए कश्मीरी विस्थापितों की मतदाता सूचियों को तैयार करने का काम नई दिल्ली, जम्मू और उधमपुर में होगा। इसके लिए चुनाव आयोग की तरफ से बाकायदा सहायक चुनाव निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है।
15 सितंबर से मतदाता सूचियों को नए सिरे से तैयार करने की प्रक्रिया के तहत नई दिल्ली में कश्मीरी विस्थापितों के लिए पृथ्वी राज रोड स्थित जेके हाउस में रेजिडेंट कमिश्नर कार्यालय में बागवानी, योजना और मार्केटिंग नई दिल्ली के उप निदेशक को सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारी मनोनीत किया है।
जम्मू में राहत सहायक आयुक्त विस्थापित जम्मू और उधमपुर में उत्तरी रेलवे के भूमि अधिग्रहण कलेक्टर को सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारी मनोनीत किया गया है। उल्लेखनीय है कि परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के तहत जम्मू-कश्मीर में विधानसभा क्षेत्रों की संख्या 83 से बढ़कर 90 हो चुकी है।
कश्मीर में एक विधानसभा सीट बढ़ी है, जबकि जम्मू में छह विधानसभा सीटों में बढ़ोतरी हुई है। कश्मीरी विस्थापित मुख्य तौर पर जम्मू, उधमपुर और नई दिल्ली में रह रहे हैं। ऐसे में वह कश्मीर की 47 विधानसभा सीटों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग सरलता से कर सकें।
इसके लिए चुनाव विभाग की तरफ से व्यवस्था कायम की गई है। इस संबंध में भारतीय चुनाव आयोग के सचिव कुमार राजीव की तरफ से आदेश भी जारी किया गया है।