बिलावर। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह रविवार को बिलावर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों को सरकार की योजनाएं आम लोगों तक पहुंचाना के लिए कहा।
दोपहर 12 बजे राजकीय डिग्री कॉलेज के प्रेक्षागृह में अपने काफिले के साथ पहुंचे केंद्रीय मंत्री का स्वागत उपायुक्त राहुल यादव ने किया। इसके बाद सरकारी विभागों के लगाए 12 स्टॉलों का केंद्रीय मंत्री ने निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने विभागों से योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस मौके पर समाज कल्याण विभाग ने गरीबी रेखा के नीचे बसर कर रहीं पांच युवतियों को 40 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी।
वहीं, कृषि विभाग, बागवानी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, आदि की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने कॉलेज परिसर में पौधरोपण भी किया। प्रेक्षागृह में जनप्रतिनिधियों ने मंच से इलाके में आ रहीं समस्याओं के बारे में केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। इस मौके पर जिला विकास परिषद कठुआ के अध्यक्ष कर्नल महान सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, आदि मौजूद रहे।
--------
जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
दौरे पर पहुंचे केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने राजकीय डिग्री कॉलेज में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांगों को भी सुना। जिला विकास परिषद बिलावर के सदस्य विक्रम सिंह ने मंत्री से बिलावर को पहाड़ी जिला बनाने की मांग रखी। इस मौके पर उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि कई विभागों में अस्थायी तौर पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए भर्ती नीति बनाई जाए। और, बिलावर इलाके को जोड़ने के लिए तीन सुरंगों का निर्माण किया जाए।
----
डीडीसी कार्यालय का रखा ई नींव पत्थर
केंद्रीय मंत्री ने बिलावर से कठुआ के खरोट में दो करोड़ 57 लाख की लागत से तैयार होने वाली जिला विकास परिषद की इमारत का नींव पत्थर रखा। इसके अलावा डिंगा अंब, बिलावर और बरनोटी के तीन ब्लॉक विकास परिषद कार्यालयों की ई-आधारशिला भी रखी गई। मंत्री ने माही चक, अपर जुथाना, चक छिब्बा और कैलड़ी में पंचायत घरों का ई-उद्घाटन किया गया। वहीं, राजकीय डिग्री कॉलेज बिलावर में समारोह के दौरान उन्होंने जिले के हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना के ई-उद्घाटन किए। मंत्री की ओर से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजनाओं का ई-उद्घाटन किए जाने के साथ ही 15 किसानों को ट्रैक्टर और एक टिल्लर भेंट किया गया।
बिलावर कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के सहयोग से किसानों को दिए जाने वाले ट्रैक्टर की चाबी सौपते - फोटो : KATHUA
बिलावर में आयोजित प्रदर्शनी का निरीक्षण करते केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह, संवाद।- फोटो : KATHUA