दक्षिणी कश्मीर में रविवार को मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। दोनों आतंकी पुलवामा जिले के तहाब गांव में एक घर के अंदर छिपे हुए थे। मारे गए आतंकियों के पास से एक एसएलआर और एक इंसास रायफल बरामद की गईं है।
इस बीच आतंकियों के घिरे होने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ को बाधित करने के लिए प्रदर्शन शुरू कर दिया ताकि आतंकियों को फरार होने का मौका मिल सके। पथराव के बाद आंसू गैस के गोले दागे गए। पेलेट गन का भी इस्तेमाल करना पड़ा। तीन युवक पेलेट लगने से घायल हुए हैं, जबकि कुल एक दर्जन से अधिक लोग हिंसक झड़पों में घायल हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान इलाके में अफवाहें न फैलें, इसके लिए दक्षिण कश्मीर जिले में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया।
आतंकियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद शनिवार देर रात को ही सुरक्षा बलों ने उक्त गांव में घेरा डाल कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। घेरा सख्त होता देख रविवार सुबह आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया। माना जा रहा है कि मारे गए दोनों आतंकियों का संबंध हिजबुल मुजाहिदीन से था। इनकी शिनाख्त नवापोरा के आबिद मंजूर मागरे तथा निहार के इरफान शेख के रूप में हुई है।