जम्मू। सांबा के विजयपुर में जिस जमीन पर पहले मल्टी लेवल लॉजिस्टिक पार्क बनाने की योजना थी अब वहां प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना में जगह बनाने के लिए प्रदेश प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। योजना में चयन होने पर उद्योगों के लिए बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा जिससे निवेश का रास्ता खुल सकता है।
करीब 725 कनाल भूमि चिन्हित की गई है। इसके अलावा अनंतनाग, बडगाम और श्रीनगर में भी संभावित स्थलों की पहचान कर उपयुक्तता की जांच की जा रही है। योजना के तहत वर्ष 2031-32 तक देशभर में 100 प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। पहले चरण में 50 पार्कों का चयन प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के जरिये होगा। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अपने प्रस्ताव भेजने हैं और जम्मू-कश्मीर भी इसी दौड़ में शामिल है।
-
सड़क, बिजली और गोदाम पहले से होंगे तैयार
आमतौर पर उद्योग लगाने वाले निवेशकों को सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, गोदाम और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर अलग से खर्च करना पड़ता है। इससे परियोजनाओं की लागत बढ़ती है और उत्पादन शुरू होने में देरी होती है। प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्कों में यह ढांचा पहले से तैयार रहेगा। उद्योगों को भूमि या तैयार शेड मिलने के बाद सीधे उत्पादन शुरू करने की सुविधा मिलेगी।
2019 के बाद प्रदेश में 10,516 करोड़ निवेश
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019 से अब तक जम्मू-कश्मीर में 10,516 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। जम्मू क्षेत्र में 7,108 करोड़ और कश्मीर में 3,407 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश दर्ज किया गया। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक अरुण मन्हास का कहना है कि आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित होने से उत्पादन आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।