मीरां साहिब। गांव रतिया मोड के पास हैड पुल के पास शिव मंदिर में स्थापित मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद ग्रामवासियों में रोष है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्रित हुए और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
मंदिर के पुजारी पंडित बिशन का कहना है कि मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचा तो भीतर जा कर देखा तो मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ करने के साथ भीतर पड़ा सामान बिखरा हुआ देखा। आसपास के लोगों को जानकारी देने के मंदिर कमेटी के सदस्यों को अवगत करवाया।
विज्ञापन
संजीव शर्मा का कहना है कि मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियों को नुकसान पहुंचने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है और प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार की घटनाएं समाज में भाईचारे एवं सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक विजय मेहता को पकड़ लिया। मीरां साहिब पुलिस का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।