मानसिक तौर पर बीमार थी पायल
मिली जानकारी के मुताबिक, नदी में कूदने वाली युवती की पहचान पायल देवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कृष्ण लाल की पुत्री है। पायल डोडा जिले के प्रेमनगर स्थित कोरड़ा गांव की रहने वाली थी। घटना के पीछे के कारणों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्टों और परिवार के सदस्यों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पायल देवी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सकीय उपचार भी चल रहा था, जिसकी पुष्टि परिवार ने की है।
चिनाब नदी का बहान तेज
वायरल वीडियो के आधार पर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन के बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और बिना समय गंवाए चिनाब नदी में युवती की तलाश के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया। हालांकि, चिनाब नदी में पानी का बहाव इस समय बेहद तेज है और गहराई भी काफी अधिक है, जिसके कारण बचाव दलों को तलाशी अभियान में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
गोताखोरों और बचाव कर्मियों की टीमें नदी के किनारों और पानी के बहाव के साथ आगे के संभावित स्थानों पर लगातार पायल की तलाश कर रही हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और पूरी परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल सभी की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हैं और युवती के जल्द मिलने की उम्मीद की जा रही है।