पौनी। तहसील मुख्यालय के साथ लगते माड़ी क्षेत्र से मता जाने वाले सड़क मार्ग का काम प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जारी है लेकिन यहां बिना अनुमति के ही वाहन चलना शुरू हो गए हैं। मार्ग बनाने के लिए पहाड़ी की कटाई का काम भी अभी पूरा नहीं हुआ है।
चंद पैसों के लालच में कुछ ऑटो चालक, ईको वाहन व ई-रिक्शा चालक अपनी जान के साथ लोगों की कीमती जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं। वाहनों के अंदर ठूस-ठूस कर यात्री भरे जा रहे हैं और ओवरलोडिंग की जा रही है। इतना ही नहीं, गाड़ियों के छत के ऊपर सामान के साथ भी सवारियां बिठाई जा रही हैं जो खतरे से खाली नहीं है। अगर समय रहते प्रशासन इस पर रोक नहीं लगाता है तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में एसएचओ सोहन सिंह ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि कुछ लोग चोरी-छिपे वाहन चला रहे हैं। इन पर नजर रखी जा रही है अगर कोई यातायात नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वाहन भी जब्त किया जा सकता है।