जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक वाहन बोल्डर से टकरा गया जिससे उसमें सवार एक महिला समेत कम से कम 12 यात्री घायल हो गए। ताजा हिमपात और मूसलाधार बारिश के बाद बुधवार को राजमार्ग बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू जा रहा वाहन मंगलवार को देर शाम रामबन जिले के मोउमपासी-रामसू में राजमार्ग पर एक चट्टान से गिरे पत्थर से टकरा गया जिससे बिहार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और 11 अन्य को मामूली चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि ज्यादातर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि महिला को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के सिर में चोटें आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि वाहन में बिहार के नौ लोग थे। एक-एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश का था। ये सभी अनंतनाग के एक स्थानीय चालक की गाड़ी से श्रीनगर से जम्मू जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि मंगलवार की शाम को हुए हादसे से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा और बाद में अधिकारियों ने बुधवार को भी श्रीनगर से जम्मू तक यातायात जारी रखने का फैसला किया।