सर्दी की दस्तक के साथ पूरी घाटी शीत लहर की चपेट में है। रियासत के अधिकांश हिस्सों में दिन के साथ रात का तापमान 6-9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम, विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग, लेह और कारगिल में रात का पारा शून्य से नीचे चला गया है।
कश्मीर के अधिकतर इलाकों में खून को जमा देने वाली सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में मौसम साफ रहेगा।
गुलमर्ग न्यूनतम तापमान माइनस 5.0 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे सर्द रहा। लेह में माइनस 2.8, कारगिल में माइनस 2.6 और पहलगाम में माइनस 0.5 तापमान रहा।
रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में 0.3 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का पारा सामान्य से 6 डिग्री कम 15.3, जम्मू में दो डिग्री कम 28.1, श्री वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दो डिग्री कम 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में 2.7 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का पारा सामान्य से सात डिग्री कम 15.5, कोकरनाग में नौ डिग्री कम 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।