24 या 25 जनवरी को हो सकता है ट्रायल, रेलवे बोर्ड ने ट्रेन के रैक उपलब्ध रखने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रेलवे 24 या 25 जनवरी को कटड़ा और बडगाम रेलवे स्टेशनों के बीच वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल करेगा। ट्रायल के दौरान खाली वंदे भारत ट्रेन ट्रैक पर दौड़ेगी। इसके लिए रैक जल्द ही कटड़ा रेलवे स्टेशन पहुंच जाएंगे।
कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से रेल के माध्यम से जोड़ने वाले ट्रैक पर यह दूसरा ट्रायल होगा। रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि फरवरी के पहले सप्ताह में उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला (यूएसबीआरएल) रेल लिंक का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन कर सकते हैं। रेलवे बोर्ड ने इससे पहले वंदे भारत ट्रेन के दोनों रैक को ट्रायल के लिए कटड़ा और बडगाम रेलवे स्टेशन पर लाने के लिए कहा है।
वंदे भारत ट्रायल के दौरान दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब और देश के पहले रेलवे केबल पुल से होकर गुजरेगी। यूएसबीआरएल जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगी। 18 एसी बोगियों वाली
ट्रेन का ट्रायल रहा सफल : रेलवे ने 19 जनवरी को कटड़ा और बडगाम रेलवे स्टेशन के बीच 18 एसी बोगियों वाली ट्रेन का ट्रायल किया था, जो सफल रहा। तब ट्रेन चार घंटे के भीतर बडगाम स्टेशन पर पहुंची थी।
हाईलाइटर्स
-41,000 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) का निर्माण
-12.77 किलोमीटर लंबी टी-49 सुरंग है इस मार्ग पर। ये भारत की सबसे लंबी रेलवे सुरंग है।