सांबा जिले के सरोर अड्डे के पास सोमवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई भिड़ंत में एक युवक की मौत पर मंगलवार को लोगों ने खूब हंगामा मचाया।
जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे स्थित देविका पुल पर मृतक मोहम्मद याकूब का शव रख गुज्जर समुदाय के लोगों ने घंटों जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई।
मौके पर पहुंचे उच्च अधिकारियों के आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी जाम हटाने को तैयार हुए। लोगों के गुस्से को देखते हुए बाड़ी ब्राह्मणा थाना एसएचओ भारत शर्मा को पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया।
दोपहर करीब दो बजे रामगढ़ के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही मृतक के घर लाया गया लोग उत्तेजित हो गए। करीब दो बजे गुज्जरों की भीड़ शव के साथ राजमार्ग पर पहुंच गई। प्रदर्शनकारी पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।