उड़ी सेक्टर में एलओसी के करीब अंडरग्राउंड बंकर बनने शुरू
- फोटो : amar ujala
उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती जिला बारामुला के उड़ी सेक्टर में एलओसी के करीब रिहाइशी इलाकों में प्रशासन ने अंडरग्राउंड बंकरों के निर्माण का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार उड़ी और बोनियार सेक्टर में फिलहाल 44 बंकर बनाए रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस कदम की सराहना की है।
आरएंडबी विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) आफताब अहमद जिनकी देखरेख में बंकरों का निर्माण कार्य किया जा रहा है, उन्होंने बताया कि पहले चरण में जिले के उड़ी और बोनियार सेक्टर में करीब 44 अंडरग्राउंड बंकर बनाए जा रहे हैं। इनका काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक बंकर के निर्माण पर करीब 10 लाख की लागत आएगी।
आफताब अहमद के अनुसार एक बंकर में दो बड़े-बड़े कमरे और एक एक बाथरूम होगा। उन्होंने बताया कि एक बंकर में करीब 20 लोग रह सकते हैं और इनमें सब सुविधा रखी जाएगी, जिससे गोलाबारी के दौरान स्थानीय लोग कई दिन उसमें रह सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन अन्य इलाकों में अंडरग्राउंड बंकरों का निर्माण कार्य शुरू किया गया है, उनमें थजल, चुरुंदा, बटग्रा, मोथल और तिलावारी शामिल हैं।
बंकरों के निर्माण का काम शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे तो यह काम काफी पहले हो जाना चाहिए था, लेकिन अगर अब भी शुरू हुआ है, तो अच्छी बात है, क्योंकि अब हमें गोलाबारी के दिनों में खुले आसमान तले रातें नहीं बितानी पड़ेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पहले कई बार पाकिस्तानी गोलाबारी में उनके घर तबाह हो गए, जिसके बाद कई रातें खुले में बिताईं।