रियासी के अरनास में हुई खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली छात्राएं ।
- अंतर स्कूल जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में लड़कियों के अंडर-14 व 17 के मुकाबले करवाए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। लड़कों के मिडिल स्कूल अरनास में अंतर स्कूल जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में शुक्रवार को लड़कियों के अंडर-14 व अंडर-17 आयु वर्ग में खेल मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में जोन अरनास के विभिन्न स्कूलों से 385 छात्राओं ने भाग लिया।
अंडर-14 खो-खो में फाइनल मैच में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरनास को शिकस्त दी। वहीं, अंडर-17 में हायर सेकेंडरी स्कूल अरनास ने हाई स्कूल सेरसुंडवा को हराया। अंडर-14 कबड्डी का मैच मिडिल स्कूल दरमाड़ी और हाई स्कूल गाढ़ी के बीच खेला गया। इस दरमाड़ी की लड़कियों ने जीत का परचम लहराया। इसके अलावा अंडर-17 आयु वर्ग में कबड्डी के मुकाबले में हाई स्कूल पनासा ने हायर सेकेंडरी स्कूल सलाल को हराया।
अंडर-14 रस्साकशी के फाइनल मुकाबले में दरमाड़ी ने अरनास और सेरसुंडवा की टीम ने सलाल को शिकस्त दी। प्रतियोगिता के दौरान जोनल एजुकेशन ऑफिसर अरनास द्वारका नाथ मुख्य अतिथि व जोनल एजुकेशन प्रोजेक्ट ऑफिसर प्रहलाद सिंह विशेष अतिथि रहे।
अधिकारियों ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी हिस्सा लेने को प्रेरित किया। प्रतियोगिता का आयोजन जोनल फिजिकल एजुकेशन ऑफिसर विजय कुमार की देखरेख में किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बैडमिंटन, योगा, शतरंज, कैरम के भी मुकाबले करवाए गए।