रियासी। वीरवार देर रात चली आंधी से जिले की डिविजन दरमाड़ी माहौर में बिजली के ढांचे को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा अन्य कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंधी ने तांडव मचाया। लोग रात भर दहशत में माहौल में रहे। बुधवार रात लगभग बारह बजे तेज हवाओं के साथ ही आंधी शुरू हुई। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
नगर में भी बिजली काफी समय तक बंद रही। आंधी से जिला के गुलाबगढ़, फ्गियाला में बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है। विभाग के सहायक कार्यकारी इंजीनियर रजनीश शर्मा ने बताया कि आंधी से कई स्थानों पर बिजली के खंभे व तार टूटकर गिरे हैं। शुक्रवार सुबह होते ही कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति को बहाल करने के लिए काम शुरू किया। दोपहर तक बिजली की आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
वहीं, रियासी में भी शुक्रवार को दिन भर बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली आती-जाती रही। दोपहर को एकदम से मौसम खराब हुआ व बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।