अनंतनाग जिले के डोरू इलाके में छह घंटे से अधिक चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के थे। आतंकियों से दो एके-47 राइफल तथा गोला बारूद बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ के दौरान आतंकियों को भगाने के लिए इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुए। हिंसा को देखते हुए बनिहाल-श्रीनगर रेल सेवा के साथ ही अनंतनाग व कुलगाम जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप कर दी गई थी। डोरू के सभी स्कूल बंद रहे। अनंतनाग में भी कुछ स्कूल एहतियातन बंद रहे।
सुरक्षाबलों को शुक्रवार देर शाम डोरू के शिश्तरगाम गांव में कुछ आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने इलाके की घेराबंदी की।
घर-घर तलाशी ली गई। घेरा सख्त होता देख एक मकान में छिपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। लगभग छह घंटे तक जारी रही भीषण मुठभेड़ में शनिवार तड़के सुरक्षाबलों को दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता हाथ लगी।
पुलिस ने शुरू में जारी बयान में बताया था कि मारे गए आतंकी लश्कर के हैं। बाद में पुलिस ने एक अन्य बयान में पुष्टि की कि मुठभेड़ स्थल से आतंकियों के पास से बरामद समान और जिहादी दस्तावेजों से यह बात पता चली है कि मारे गए आतंकी जैश के थे।
इस बीच आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की ओर से एक स्थानीय न्यूज एजेंसी को जारी किए गए बयान में मारे गए दोनों आतंकियों को संगठन का बताया गया।