अखनूर (जम्मू)। चौकी चौरा क्षेत्र के जंगलों में दो महिलाओं द्वारा संदिग्ध देखे जाने पर सेना और पुलिस ने ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि देर रात तक किसी भी संदिग्ध का सुराग नहीं लग पाया।
शनिवार दोपहर चौकी चौरा क्षेत्र के गांव दन्ना जल्डा के पास जंगल में खेत में गई दो महिलाओं ने दो संदिग्ध लोगों को देखा। दोनों सलवार कमीज पहने हुए थे, जिन्होंने बैग भी उठाए थे। महिलाओं ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। बाद में पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई। पुलिस और सेना ने क्षेत्र को चारों तरफ से घेर कर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें सेना ने ड्रोन की मदद से क्षेत्र के जंगल में तलाशी अभियान चलाया। देर रात तक तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन किसी भी संदिग्ध का सुराग नहीं लग पाया। क्षेत्र में सुरक्षा के कडे़ प्रबंध किए गए हैं। मुख्य सड़कों पर पुलिस ने नाके लगा कर तलाशी ली। क्षेत्र के लोगों को सचेत रहने को कहा गया है। चौकी चौरा पुलिस चौकी प्रभारी आंकु ज भगत ने बताया कि सेना और पुलिस के तलाशी अभियान में ड्रोन की मदद ली गई, मगर किसी भी संदिग्ध का सुराग नहीं मिला।