पुंछ पुलिस ने रविवार को एक स्पेशल नाके के दौरान दो हेरोइन तस्करों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 56 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 56 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुंछ के एएसपी अमित गुप्ता के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि एक तस्कर आतंकियों का ओजीडब्ल्यूडी(ओवर ग्राउंड वर्कर) है।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने संदिग्ध स्थानों पर विशेष नाके लगा रखे थे। पुंछ से 12 किलोमीटर दूर सूरनकोट, पुंछ रोड स्थित कलाल क्षेत्र में पुलिस ने एक लोड कैरियर को रोका, जिसमें दनादोलन मंडी, पुंछ निवासी चालक शकील अहमद और मोहम्मद रफी सवार थे।
मोहम्मद रफी पहले से ही पुलिस की रडार पर था। उसे देखते ही पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, तो वे बहाने बनाने लगे। पुलिस ने कड़ाई से पूछा तो दोनों ने गाड़ी में हीरोइन होने की बात उगल दी।