पालेमबैंग जकार्ता (इंडोनेशिया) में 18 अगस्त से 2 सितंबर को हो रही एशियन गेम्स 2018 के लिए वुशू में जम्मू-कश्मीर से कोच और दो खिलाड़ियों का चयन किया गया है। राज्य से नेशनल चीफ कोच कुलदीप हांडू के नेतृत्व एशियन गेम्स में वुशू टीम में 13 खिलाड़ी और चार कोच, एक मैनेजर शामिल हैं। इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन ने वुशू टीम को मंजूरी दी।
कुलदीप हांडू तीसरी बार चीफ कोच के तौर पर टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले एशियन गेम्स 2010, एशियन गेम्स 2014 और अब 2018 में शिरकत कर रहे हैं। पिछली दो एशियन गेम्स में टीम इंडिया ने एक रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए थे। हांडू को एफआईसीसीआई कोच 2016 के अवार्ड से नवाजा गया। उन्हें राज्य का प्रतिष्ठित स्टेट अवार्ड और शेर-ए-कश्मीर अवार्ड भी दिया गया है। वुशू एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से हांडू को द्रोणाचार्य अवार्ड 2018 देने के लिए सिफारिश की गई है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो कांस्य और वर्ल्ड कप में एक रजत पदक हासिल करने वाले राज्य से अंतरराष्ट्रीय वुशू खिलाड़ी सूर्य भानू प्रताप सिंह को भी एशियन गेम्स के लिए टीम में शामिल किया गया है। भानू ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने नाम कई पदक किए हैं। उन्हें 2017 में स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। हाल ही में 7वें पारस कप ईरान में रजत, फ्रैंडशिप पीस कप ईरान में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले राज्य से प्रदीप कुमार को भी टीम इंडिया में मौका दिया गया है। सूर्य भानू प्रताप सिंह और प्रदीप कुमार सांडा वर्ग में शिरकत करेंगे। वुशू एसोसिएशन जेएंडके के पदाधिकारी एसओवेस, के लोहेया, रंजीत कालरा आदि ने राज्य के खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।