राजोरी। राजोरी जिले के नौशेरा में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से दो ड्रोन की घुसपैठ हुई। सेना ने इन्हें मार गिराने के लिए फायरिंग की जिसके बाद दोनों पाकिस्तान की ओर चले गए।
सूत्रों ने बताया कि सोमवार की रात को 3 पंजाब आर्मी ने नौशेरा अग्रिम गांव पुखेरनी में नियंत्रण रेखा के पास दो ड्रोन की गतिविधि देखी। सतर्क जवानों ने ड्रोन देखते ही ने फायरिंग की। इसके बाद वे पीओके की तरफ वापस चले गए।
मंगलवार की सुबह सेना ने इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन से कहीं हथियार या नशीली दवाएं तो नहीं गिराई गई हैं। फिलहाल कुछ बरामद नहीं हुआ है। सेना ने लोगो से भी अपील की है कि यदि वे कहीं कोई संदिग्ध वस्तु देखें तो तत्काल सेना को सूचित करें।