संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। घरोटा थाने के अंतर्गत गौर क्षेत्र में वीरवार की शाम नहाने गए चार दोस्तों में से दो चिनाब दरिया में बह गए। ये चारों गर्मी से राहत पाने के लिए चिनाब में नहाने गए थे। दोनों का शुक्रवार को दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा।
चिनाब में बहे युवकों में दीपक कुमार (21) और मोहित कुमार (20) निवासी चक सिंगा थाथी हैं। इस घटना के बाद युवकों के परिवारवालों और पूरे गांव में मातम है।
बताया जा रहा है कि ये चारों दोस्त चिनाब नदी के गौर वाले हिस्से में नहा रहे थे। उस जगह पानी का बहाव तेज है और नदी की गहराई काफी है। नहाते समय दीपक और मोहित बहने लगे। अन्य दो किसी तरह से खुद को बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन इन्होंने डर के कारण किसी को घटना के बारे में जानकारी नहीं दी।
वीरवार रात करीब नौ बजे घरोटा पुलिस को चक थिंगा थाथी के अशोक कुमार ने बताया कि उनका बेटा दीपक अपने दोस्तों के साथ चिनाब नदी में नहाने गया था, उसके साथ उसका दोस्त मोहित भी गया था लेकिन वह लौटे नहीं है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि दोनों युवकों की चप्पलें और मोटर साइकिल चिनाब नदी के किनारे से पड़ी थीं। इसके बाद पुलिस उनके दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने सारी घटना के बारे में बताया।
पुलिस के मुताबिक उक्त दोनों युवकों ने बताया कि मोहित फोन पर बात करते करते गहरे पानी में चला गया था, जिससे वह बह गया। उसे बचाने के लिए दीपक भी कूदा, लेकिन वह भी तेज बहाव में बह गया। जबकि हम दोनों किसी तरह से जान बचाकर भाग निकले।
शुक्रवार को सुबह पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया। इसके बाद दोनों युवकों की तलाश की गई। देर शाम तक परगवाल तक अभियान चलाने के बावजूद युवक नहीं मिल पाए।
आज फिर तलाशी अभियान चलाएगी पुलिस
घरोटा के थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि शनिवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम फिर से अपना अभियान शुरू करेगी। उनके साथ अखनूर के कुछ गोताखोरों को भी बुलाया गया है। मोहित घर वालों का इकलौता बेटा है। पिता ने बताया कि शादी से 15 साल के बाद भगवान से मन्नत मांगने के बाद उनके घर मोहित पैदा हुआ था।