अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सतवारी पुलिस ने बहुचर्चित मामा-भांजे के दोहरे हत्याकांड के आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ काला को कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे शुक्रवार को चट्ठा गांव के पास नाके पर पकड़ा है। आरोपी चट्ठा का ही रहने वाला है। आरोपी इस समय जमानत पर है।
2010 में जम्मू की नरवाल मंडी में दो लोगों की हत्या मामले में शामिल पांच लोगों में काला भी शामिल था। सतवारी के थाना प्रभारी जेपी सिंह का कहना है कि पुलिस ने रूटीन नाके पर आम वाहनों की जांच करते हुए जतिंदर सिंह को पूछताछ के लिए रोका। वह पैदल ही चला जा रहा था।
उसकी संदिग्ध मूवमेंट को जब देखा तो तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पेंट में छिपाकर रखा गया कट्टा मिला। एक कारतूस भी था। इसके बाद उसे थाने में ले जाया गया। जब पूछताछ की तो पता चला कि वह हत्या के मामले में शामिल है और चार वर्ष पहले से जमानत पर छूटा हुआ है।
पुरानी रंजिश के चलते हुआ था हत्याकांड
पुलिस केस के अनुसार पांच फरवरी 2010 को सुरिंदर सिंह ने त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई था। बताया था कि उसके भाई गुरनाम सिंह और मामा राजिंदर सिंह पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। इसमें दोनों की मौत हो गई।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पूरी करने के बाद जम्मू जिला अदालत में चालान पेश किया। प्रधान सत्र न्यायाधीश जम्मू करतार सिंह ने इस दोहरे हत्याकांड में 11 जनवरी 2010 को अजीत सिंह उर्फ काका, परमजीत सिंह उर्फ पम्मी, जतिंदर सिंह, मिल्खा सिंह और अजीत कुमार को दोषी करार दिया। इस मामले में रंजोध सिंह उर्फ नलवा, नरिंदर सिंह और अजमेर सिंह उर्फ विक्की को बरी कर दिया गया था।