- दहशतगर्दों से एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड, पिस्टल व एके 47 के कारतूस बरामद
- दोनों दहशतगर्द वसीम अहमद और अदनान अहमद अनंतनाग के निवासी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम के यन्नर में 18 मई को पर्यटक दंपती पर हमला करने के आरोप में दो हाईब्रिड आतंकियाें को सुरक्षाबलों ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दहशतगर्दों की पहचान वसीम अहमद शाह और अदनान अहमद बेग के रूप में हुई है और दोनों अनंतनाग के निवासी हैं। इनके पास से एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड, एक मैगजीन के साथ आठ और एके47 राइफल के 120 कारतूस बरामद किए गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात 11 बजे के करीब संदिग्ध लोगों की आवाजाही का इनपुट मिलने के बाद पुलिस, सेना की 3 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 96 बटालियन के जवानों ने मुलसू सीर (अनंतनाग) के पास नाका लगाया। इस दौरान एक बलेनो कार (जेके03एच 6537) सीर से पहलगाम की ओर आती दिखाई दी। कार रोकने पर संदिग्धों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान दहशतगर्दों से हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ। अधिकारियों ने कहा, सुरक्षाबलों ने दो हाईब्रिड आतंकवादियों को गिरफ्तार कर पहलगाम आतंकी हमले को सुलझाया है।
18 मई को राजस्थान के दंपती पर हुआ था हमला
पहलगाम के यन्नर में कैंपिंग साइट पर 18 मई को मोटर साइकिल सवार दो आतंकियों ने राजस्थान के जयपुर के एक पर्यटक दंपती पर हमला कर उन्हें गोलियां मारी थीं। इस हमले में फरहा व उनके पति तबरेज घायल हो गए थे। जबकि उनके दो बच्चे इस हमले में बाल-बाल बच गए थे। हमले को अंजाम देकर दहशतगर्द मौके से फरार हो गए थे।