- मंडलायुक्त जम्मू ने ट्रांसपोर्ट नगर में उन्नयन परियोजना कार्यों का निरीक्षण करते हुए दिए निर्देश
- मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत, पीईआरटी चार्ट तैयार करने के लिए अधिकारियों को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ट्रांसपोर्ट नगर में यार्डों, सड़कों के विकास और अन्य निर्माण कार्य तेज गति से किए जाएं। साथ ही दो माह के अंदर तमाम कार्य पूरा हों। यह निर्देश मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार ने मंगलवार को ट्रांसपोर्ट नगर में सुधार और उन्नयन कार्यों का निरीक्षण करते हुए दिए। इस दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि यार्डों में अधिकतम कार्य पूरे हो चुके हैं। फुटपाथ का कार्य मुकम्मल होने वाला है।
मंडलायुक्त ने संबंधित अभियंताओं को सभी यार्डों का दौरा करने के बाद पीईआरटी चार्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जेडीए के वीसी से परियोजना को शीघ्र पूरा करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर में हितधारकों के साथ बैठकें करने को कहा। बाद में, मंडलायुक्त ने जम्मू शहर के भीतर सड़कों की मरम्मत और रखरखाव की प्रगति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। मंडलायुक्त ने संबंधितों को कार्यों की गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करते हुए मानसून से पहले सभी मुख्य सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का काम पूरा करने को कहा। उन्होंने उन्हें जिम्मेदारी के तहत सड़कों की शीघ्र मरम्मत के लिए व्यापक कार्य योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने आयुक्त जेएमसी, एडीसी जम्मू और एसएसपी यातायात को कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए सड़कों का निरीक्षण करने और इसे निष्पादन एजेंसी के साथ साझा करने के लिए कहा। उन्होंने आंतरिक सड़कों की स्थिति का आकलन करने और सभी को गड्ढा मुक्त करने को भी सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ने आने वाले दिनों में मरम्मत और रखरखाव के लिए की जाने वाली प्रमुख सड़कों के बारे में उन्हें जानकारी दी। मंडलायुक्त ने एनएचएआई और एनएचआईडीसीएल को उनके द्वारा बनाए और बनाए जा रहे सड़कों का रखरखाव सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में आयुक्त जेएमसी, एडीसी जम्मू, एसएसपी ट्रैफिक जम्मू सिटी, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी, मुख्य अभियंता यूईईडी, जेएंडके, पीडी एनएचएआई, ईडी एनएचआईडीसीएल ने भाग लिया।