किश्तवाड़ में चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड (सीवीपीपी) के एक इंजीनियर और एक सहायक ड्यूटी के दौरान पडिहारना के पास चिनाब नदी में बह गए। देर शाम खबर लिखे जाने तक नदी में उनकी तलाश जारी थी।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे रॉक टेस्टिंग के दौरान एक इंजीनियर और एक हेल्पर पहाड़ी से फिसलकर सीधे चिनाब नदी में जा गिरे। तेज बहाव के कारण दोनों बह गए।
वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत पडिहारना की पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका था। रस्सा फेंक कर कुछ गोताखोरों ने भी दोनों को नदी में ढूंढने का प्रयास किया, मगर वे भी विफल रहे।
एएसपी अब्दुल कयूम ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नगलापुर निवासी प्रमोद पाठक (इंजीनियर) और अलीगढ़ संबलपुर निवासी होशियार शर्मा (हेल्पर) किश्तवाड़ से 45 किलोमीटर दूर स्थित कीरू पावर प्रोजेक्ट में काम करते थे।
यह प्रोजेक्ट 680 मेगावाट का है, जिस पर एनएचपीसी के साथ मिल कर सीवीपीपी ज्वाइंट वेंचर के तहत काम कर रही है। शुक्रवार को दोनों रॉक टेस्टिंग कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी तलाश शुरू कर दी।