दोनों पर झज्जर कोटली और राजोरी में पहले से नशा तस्करी के केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मतदान से ठीक एक दिन पहले थाना बस स्टैंड की पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में करोड़ों रुपये और जम्मू में 60 लाख रुपये की हेरोइन पुलिस ने बरामद की है। इस मामले में राजोरी के रहने वाले दो तस्कर भी गिरफ्तार किए गए और उनसे 169 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। यह दोनो लंबे समय से नशा तस्करी में संलिप्त हैं। इन पर झज्जर कोटली और राजोरी थानों में पहले से नशा तस्करी के केस दर्ज हैं। आरोपियों में राजोरी के नाड़ गांव का माजिद चौधरी और धन्नोर गांव का मोहम्मद वकार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार वीरवार को यह दोनों बस स्टैंड में घूम रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए इन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जब दोनों कोई संतुष्ट जवाब नहीं दे पाए तो दोनों की तलाशी ली गई। इस बीच, एक के पास 100 और दूसरे के पास 69 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों के पास 169 ग्राम हेरोइन थी जिसे यह लोग जम्मू में बेचने के लिए आए हुए थे। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इतनी हेरोइन करीब दो करोड़ रुपये में बिकती है जबकि देश में इसकी कीमत 60 लाख रुपये तक की है। पूछताछ में पता चला है कि यह राजोरी से हेरोइन लाते हैं और इसके बाद इसे अलग-अलग जगहों पर बेच देते हैं।