ठाठरी तहसील से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर किश्तवाड़ जिला अंतर्गत पड़ने वाले क्षेत्र मछीपाल में एक मारुति वैन दुनदी नदी में जा गिरी। इस हादसे में उसमें सवार मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी चला रहा बेटा पानी में बह गया। उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बाथरी गुंदोह निवासी अब्दुल वाहिद अपनी मां शामला बेगम को अपनी निजी मारुति वैन में लेकर मंगलवार की सुबह को ठाठरी जा रहे थे। जब वे मछीपाल पहुंचे तो वाहिद का नियंत्रण वाहन से हट गया और देखते ही देखते वैन दो सौ फीट नीचे दुनदी नदी में जा समाई।
पास के कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना देकर बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान शामला के शव को नदी से निकाला गया, लेकिन उसके बेटे का कुछ पता नहीं चल सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अभी माना यह भी जा रहा है कि वाहन में कुछ और लोग हो सकते हैं। इस मामले की छानबीन की जा रही है।