जम्मू शहर में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आई महिला खिलाडि़यों का एमएमएस बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के इटावा से आईं ये खिलाड़ी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक भवन में ठहरीं थीं। एसडीपीओ ईस्ट, चंदन कोहली ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच करने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
बताया गया है कि उक्त आवासीय भवन के बाथरूम में ताकझांक कर एमएमएस बनाने की कोशिश की जा रही थी। घटना का पता चलते ही टीम के साथ आए कुछ युवकों ने आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
इनके मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं। हालांकि पुलिस ने किसी तरह के एमएमएस बनाने की घटना से इंकार किया है। युवतियों का कहना है कि कुछ लोगों ने उनका एमएमएस बनाने की कोशिश की। एक युवती की नजर पड़ने पर उसने शोर मचाया और मौके पर ही चार लोगों को पकड़ लिया गया। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।