आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़
- फोटो : File Photo
जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ खत्म हो गई है। जानकारी के मुताबिक सेना और आतंकियों के बीच ये मुठभेड़ उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के हाजिन इलाके में हुई है। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में एक आतंकी के मारे जाने की खबरे हैं।
सूत्रों के हवाले से मिली अब तक की जानकारी के मुताबिक सेना को बांदीपोरा के हाजिन इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना की राष्ट्रीय रायफल्स रेजीमेंट, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू कश्मीर पुलिस की एसओजी द्वारा संयुक्त रुप से इस पूरे इलाके को घेर कर गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान ही आतंकियों की ओर से सुरक्षाबलों पर फायरिंग की गई है जिसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई। सेना के प्रवक्ता के मुताबिक इस कार्रवाई में आतंकियों से लोहा लेते हुए सेना के 3 जांबाज जवान शहीद हुए हैं।
सेना के 5 अन्य जवान घायल
कुलगाम में आतंकियों से हुई थी मुठभेड़
- फोटो : फाइल फोटो
सेना और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान सेना के 5 अन्य जवानों के घायल होने की भी खबरें हैं। घायल हुए सभी जवानों का इलाज जारी है। मिली सूचना के मुताबिक सेना के इन जवानों को श्रीनगर स्थित 92 बेस अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है।
गौरतलब है कि रविवार को सुरक्षा बलों ने कुलगाम में हुई मुठभेड़ में 4 आतंकियों को मार गिराया था, जबकि 2 जवान भी शहीद हो गए थे। इसके बाद सेना की 1 राष्ट्रीय रायफल्स, जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 18वीं बटालियन के जवानों द्वारा कुलगाम के येरीपोरा इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान ही आतंकियों की ओर से फायरिंग की गई जिसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में 4 आतंकियों के मारे गए। मुठभेड़ में मारे गए चारों आतंकियों से 4 एके-47 राइफल बरामद हुई। सेना के अनुसार आतंकियों से लोहा लेते हुए 2 जांबाज जवान भी शहीद हुए थे।
बांदीपोरा में हिंसक प्रदर्शन हुए
घाटी में हिंसक प्रदर्शन
- फोटो : File Photo
आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान ही बांदीपोरा के हाजिन इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। जानकारी के मुताबिक इस दौरान सुरक्षाबलों पर भीड़ द्वारा पथराव किया गया है जिसके बाद पूरे इलाके में भारी तनाव बरकरार है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के दौरान हिंसा भड़कने के बाद स्थिति को काबू में करने के लिए सीआरपीएफ के जवानों आंसू गैस के गोले दागे गए हैं। हिंसक प्रदर्शनों के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स के एक कमांडेट समेत 6 सुरक्षाबलों के घायल होने की सूचनाएं हैं। हालांकि अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आ सका है।