उत्तरी कश्मीर के बांदीपुरा जिले के जंगलों में शुक्रवार को सेना द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान (कासो) के दौरान सेना के दो जवान घायल हो गए। सूत्रों की माने तो सेना को बांदीपुरा के चनादजन के जंगलों में आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और सेना ने मिलकर इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बांदीपुरा के एसएसपी शेख जुल्फिकार ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि उन्हें इस बात की सूचना मिली थी कि इलाके में पुलिस पार्टी पर फायरिंग हो रही है।
उन्होंने बताया कि जंगल से गोलियों की आवाज सुनाई दी। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक पूरे जंगली इलाके की घेराबंदी की गई और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया है। हाल ही में बांदीपुरा जिले में हाजिन इलाके में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो विदेशी आतंकवादियों को मार गिराया था।