सड़क पर खड़े ट्रक चोरी करने वाले एक ट्रक चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आधा दर्जन ट्रक चोरी करने की बात कबूल ली है। माना जा रहा है कि उसने और भी ट्रक चुराए होंगे। आरोपी के पास से एक ट्रक बरामद किया गया है। टायर, रिम और ट्रकों का कई तरह का सामान भी बरामद हुआ है।
गंग्याल पुलिस स्टेशन में 5 जून को शिवा कालोनी के रहने वाले इंद्रजीत सिंह ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपना ट्रक (जेके02एन, 3866) डी मार्ट के पास खड़ा किया था। इसमें 17 लाख रुपये की कीमत वाला एक जेनसेट भी लोड था। उसे इसे लेकर श्रीनगर जाना था।
वह कुछ काम से थोड़ी देर दूर गया और लौट कर देखा तो ट्रक गायब था। एसएचओ अजाज वानी का कहना है कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद कुछ टीमों का गठन किया और कई लोगों से पूछताछ की। इसमें बजालता के रहने वाले राजकुमार को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक उसी ने चोरी किया था। यह भी बताया कि बाग-ए-बाहु पुलिस थाना के अंतर्गत एक, नरवाल से दो, और गाडीगढ़ थाना से एक ट्रक उसने चोरी किया है। इसके पास से कई अन्य तरह का सामान बरामद किया गया है।