जम्मू के छन्नी में एक आलू से भरा ट्रक एटीएम में घुस गया। हादसे में ट्रक चालक और एक अन्य की मौत हो गई। वहीं एटीएम में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया। एटीएम में घुसने से पहले ट्रक तीन पेड़ों से टकराया। फिर भी रुका नहीं और आखिर सामने एटीएम में घुस गया। ट्रक इतना तेज था कि एटीएम को रौंदकर 20 फुट की दुकान के पार हो गया। इसके आगे एक खाली प्लाट और इसके बाद रेल की पटरी थी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अंबफला चौक के पास भी एक बस दुकान में घुस गई थी, जिसकी वजह से दो महिलाओं की मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 12 बजे ट्रक के एटीएम में घुसते ही जोरदार धमाका हुआ। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके की तरफ दौड़े। उन्होंने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। इसके बाद करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के अंदर से चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति को निकाला गया। हालांकि उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं इस हादसे में एटीएम का सिक्योरिटी गार्ड बाल-बाल बचा। मृतक तरलोक सिंह पंजाब के गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक का रहने वाला था। तरलोक सिंह के परिवार का कहना है कि हादसे में मारे गए एक अन्य व्यक्ति, जो ट्रक में बैठा था, उसके बारे में वह कुछ नहीं जानते। इस कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई।
सिक्योरिटी गार्ड सोया होता, तो चली जाती जान
एटीएम में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड घटना के वक्त जाग रहा था। सिक्योरिटी गार्ड जीवन कुमार आरएस पुरा के मूला चक का रहने वाला है। जीवन ने पुलिस को बताया कि वह एटीएम के पास ही बैठा हुआ था। उसने बस इतना ही देखा कि सामने से एक ट्रक सीधा उसकी तरफ आ रहा है। वह कुछ कर पाता या उसे कुछ समझ आता, तब तक ट्रक एटीएम तक पहुंच गया। जीवन को हल्की चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
ट्रक में थे 20 टन आलू
जानकारी के अनुसार ट्रक पंजाब से आया था, जिसमें 20 से 22 टन आलू भरे हुए थे। ट्रक शहर की सबसे बड़ी थोक मंडी वेयर हाउस में आना था।
तीन पेड़ों से टकराने पर भी नहीं रुका
माना जा रहा है कि ट्रक की ब्रेक फेल हो गई होगी। इसलिए चालक ने तीन पेड़ों से टकरा कर उसे रोक सके। क्योंकि इसमें 20 टन से अधिक का भार था। आखिर में ट्रक एटीएम तक पहुंच गया। टक्कर जोरदार थी, इस कारण चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति की मौत हो गई।