उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज के बक्तूर गांव में एलओसी के पास कारगिल के शहीदों के सम्मान में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। भारतीय सेना की राणा बटालियन ने स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से तिरंगा फहराया।
कार्यक्रम में काफी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया और सशस्त्र बलों के प्रति अपना सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान गुरेज घाटी के मुख्य कस्बे दावर में एक तिरंगा रैली का भी आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीत और सैन्य अधिकारियों व स्थानीय नेताओं के संबोधनों ने इस दिन की रौनक बढ़ा दी। समारोह का समापन राष्ट्रगान और जलपान वितरण के साथ हुआ।